पंचकूला नगर निगम मेयर पद के लिए रविंद्र रावल ने ठोकी दावेदारी, कांग्रेस कार्यालय में सौंपा आवेदन
पंचकूला नगर निगम के आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी में हलचल तेज़ हो गई है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रविंद्र रावल ने नगर निगम मेयर पद की उम्मीदवारी के लिए अपना आवेदन जिला कांग्रेस कमेटी पंचकूला के अध्यक्ष श्री संजय चौहान को सौंपा। यह आवेदन जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, गांव बड़ौना कला (रायपुरानी) में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर दिया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। आवेदन सौंपने के बाद रविंद्र रावल ने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और विकास के संकल्प के साथ पंचकूला की जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि पंचकूला को एक पारदर्शी, जनहितकारी और विकासशील नगर निगम की आवश्यकता है, जिसे कांग्रेस ही मजबूती से पूरा कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि रविंद्र रावल पूर्व में नगर परिषद पंचकूला के अध्यक्ष रह चुके हैं और उन्हें शहरी प्रशासन का लंबा अनुभव है। इसके अलावा वे कांग्रेस संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं और वर्तमान में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता भी हैं। पार्टी संगठन और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उनकी उम्मीदवारी को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है और माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व उनके अनुभव और संगठनात्मक भूमिका को ध्यान में रखते हुए निर्णय ले सकता है।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!