सोना-चांदी में तेज गिरावट, मुनाफावसूली और बढ़े मार्जिन का असर चांदी 1.10 लाख गिरकर 2.91 लाख पर
नई दिल्ली। घरेलू सर्राफा और वायदा बाजार में 30 जनवरी को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमत में एक ही दिन में करीब 1.10 लाख रुपये प्रति किलो की गिरावट आई, जिसके बाद भाव फिसलकर 2.91 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया। इससे पहले 29 जनवरी को चांदी 4.01 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी।
सोने की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। MCX पर 10 ग्राम सोना लगभग 20 हजार रुपये टूटकर 1.49 लाख रुपये पर आ गया, जबकि एक दिन पहले इसका भाव 1.69 लाख रुपये था। यानी सोने में करीब 12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
ETF में भी दबाव
शुक्रवार को सोने और चांदी से जुड़े एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में भी भारी बिकवाली देखने को मिली और इनमें 23 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई।
गिरावट के प्रमुख कारण
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार हाल के दिनों में सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थीं। इसके बाद निवेशकों ने बड़े पैमाने पर मुनाफावसूली की, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा। इसके अलावा ऑल टाइम हाई स्तरों के बाद फिजिकल डिमांड में कमी आई है और औद्योगिक मांग को लेकर भी आशंकाएं बनी हुई हैं।
मार्जिन बढ़ने से बढ़ा दबाव
सेबी पंजीकृत कमोडिटी विशेषज्ञ अनुज गुप्ता के मुताबिक, शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) ने सोने और चांदी के सौदों पर मार्जिन मनी बढ़ा दी है। सोने पर मार्जिन 6 फीसदी से बढ़ाकर 8 फीसदी और चांदी पर 11 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया गया है। मार्जिन बढ़ने का मतलब है कि कारोबारियों को अब पहले की तुलना में ज्यादा रकम जमा करनी होगी, जिससे कई ट्रेडर्स को अपनी पोजीशन घटाने या बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसका सीधा असर कीमतों में गिरावट के रूप में देखने को मिला।
सर्राफा बाजार में भी नरमी
हाजिर बाजार में भी कीमतों में कमी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सर्राफा बाजार में चांदी करीब 40,638 रुपये सस्ती होकर 3,39,350 रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि 24 कैरेट सोना 9,545 रुपये टूटकर 1,65,795 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि वायदा बाजार देर रात तक खुला रहने और तेज उतार-चढ़ाव के कारण वहां गिरावट ज्यादा दिखी, जबकि शाम 5 बजे बंद होने वाले हाजिर बाजार में असर अपेक्षाकृत कम रहा।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!