सोशल मीडिया पर वायरल हुआ इंसानियत का वीडियो : मनाली की महिलाओं ने बर्फबारी में फंसे पर्यटकों को पिलाई अपनेपन की चाय
हिमाचल प्रदेश में इस सीजन की पहली भारी बर्फबारी ने जहां मनाली और आसपास के क्षेत्रों में सैलानियों की मुश्किलें बढ़ा दीं, वहीं एक खूबसूरत वीडियो ने लोगों के दिल जीत लिए हैं। वीडियो में स्थानीय महिलाएं बर्फ से ढकी सड़क पर फंसे पर्यटकों को गर्म चाय पिलाती नजर आ रही हैं, जो संकट के समय इंसानियत की मिसाल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, भारी हिमपात के चलते मनाली और आसपास के इलाके में करीब 700 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी बाधित हुई, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को कई घंटे तक कठिन हालातों का सामना करना पड़ा।
वीडियो में दिखा अपनापन और मदद का संदेश
वीडियो मनाली के पास गोजरा इलाके का बताया जा रहा है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर लंबा जाम लगा हुआ है और कई गाड़ियां घंटों फंसी हुई हैं। इस दौरान कुछ स्थानीय महिलाएं हाथों में फ्लास्क लेकर हर गाड़ी के पास जाती हैं, यात्रियों से हालचाल पूछती हैं और उन्हें गर्म चाय देती हैं।
पर्यटक वीडियो में पहले हैरान नजर आते हैं, लेकिन महिला की मदद और मुस्कान देखकर वे चाय लेते हैं और धन्यवाद कहते हैं। कई लोग इस पल को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड भी करते हैं। इस घटना ने दिखाया कि आपदा और कठिन परिस्थितियों में इंसानियत सबसे आगे होती है, जहां बिना किसी प्रचार या कैमरे की आवश्यकता के लोग मदद के लिए आगे आते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @iNikhilsaini नाम के हैंडल से साझा किया गया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इस पर तारीफों की झड़ी लगा दी। सोशल मीडिया पर कई लोग कह रहे हैं कि ऐसे छोटे-छोटे कदम, चाहे वह एक कप चाय हो या मुस्कान, संकट के समय राहत और अपनापन देने का काम करते हैं।
हिमाचल के स्थानीय लोग और प्रशासन ने भी इस वीडियो की सराहना की है। यह घटना पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों के लिए यह संदेश देती है कि विपरीत परिस्थितियों में सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का महत्व सबसे बड़ा होता है। यह वीडियो इस बात का भी प्रमाण है कि आपदा के समय मदद की भावना और सामुदायिक सहयोग किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक सहायता से कहीं अधिक मूल्यवान होता है।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!