शिवपुरी में वफादारी की मिसाल: मालिक की मौत के बाद 4 किमी तक शव के पीछे दौड़ा पालतू कुत्ता
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से इंसान और जानवर के रिश्ते को नई परिभाषा देने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम बडोरा में मालिक की मौत के बाद उसके पालतू कुत्ते ने जिस तरह की निस्वार्थ वफादारी दिखाई, उसने पूरे गांव को भावुक कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय जगदीश प्रजापति ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जब परिजन और ग्रामीण घर पहुंचे, तो देखा कि उनका पालतू कुत्ता रातभर शव के पास बैठा रहा। वह किसी पहरेदार की तरह मालिक के निर्जीव शरीर से एक पल के लिए भी दूर नहीं हुआ।
पुलिस कार्रवाई के दौरान जब शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया, तो कुत्ता धूप और धूल की परवाह किए बिना करीब 4 किलोमीटर तक उसके पीछे दौड़ता रहा। उसकी हालत देखकर परिजनों ने उसे ट्रॉली पर बैठा लिया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भी वह शांत होकर अपने मालिक का इंतजार करता रहा।
अंतिम संस्कार के समय भी कुत्ता पूरे समय साथ रहा। ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान उसने अन्न-जल तक त्याग दिया और चिता के पास गुमसुम बैठा रहा। उसकी आंखों में उदासी और व्यवहार में अपनापन देखकर कई लोगों की आंखें भर आईं।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे बेजुबान जानवरों की गहरी संवेदनाओं और अटूट वफादारी का उदाहरण बता रहे हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन गांव वालों के लिए यह कहानी हमेशा एक यादगार भावनात्मक मिसाल बनकर रह जाएगी।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!